समारोह में तृतीय वर्ष में 8.49 सीजीपीए अंक हासिल करने पर कॉलेज की छात्रा प्रतिभा को किया गया सम्मानित
विज्ञापन
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजकीय महाविद्यालय धामी के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में शुक्रवार को मेधावियों को सम्मानित किया गया। समारोह में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा प्रतिभा को 8.49 सीजीपीए अंक हासिल करने पर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिनेश सिंह कंवर मुख्य अतिथि रहे।
विशेष अतिथि के रूप में पीटीए प्रधान पवन शर्मा, उपप्रधान अनूप गुप्ता, सदस्य जगमोहन शर्मा, पत्रकार अश्विनी और ताइक्वांडो कोच भागीरथ ठाकुर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद संगीत विभाग के प्राध्यापक डॉ. ज्ञानचंद ने महाविद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जिसमें वर्ष भर की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों की उपलब्धियों का उल्लेख किया गया। शैक्षणिक क्षेत्र में बीए तृतीय वर्ष से प्रतिभा, रवीना और अंकिता, वाणिज्य संकाय में बीकॉम तृतीय वर्ष की नम्रिता, हेमलता और डिंपल शर्मा को पुरस्कृत किया। विज्ञान संकाय में बीएससी द्वितीय वर्ष की अपराजिता, ओम शर्मा और खेमावती को पहले तीन स्थानों पर रहने पर सम्मानित किया।
खेलकूद में अंकिता बिष्ट और भावना को ताइक्वांडो प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने, आंचल को कांस्य पदक जीतने पर सम्मानित किया। कॉलेज की खो-खो टीम के सदस्यों को भी पुरस्कृत किया गया। सांस्कृतिक गतिविधियों में कपिल कपूर ने युवा उत्सव में शास्त्रीय एकल वादन में दूसरा स्थान प्राप्त किया था उन्हें भी समारोह में सम्मानित किया। मुख्य अतिथि डॉ. दिनेश सिंह कंवर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे समारोह छात्रों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दिनेश शर्मा और प्रो. हेमलता शर्मा ने किया।