घटना की सूचना मिलने पर कालाअंब अग्निशमन चौकी से दो वाहन, नाहन से दो और हरियाणा के नारायणगढ़ से विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और राहत कार्य में सहयोग किया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। सभी कर्मचारी समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए थे। प्रारंभिक जांच में आग लगने का संभावित कारण बिजली के शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
नुकसान का अंतिम आकलन भी आग पूरी तरह बुझने और जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा। अग्निशमन चौकी प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि अभी नुकसान का आकलन नहीं किया गया है। आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है। उधर, उद्योग के संचालक अनिरुद्ध अग्रवाल और लघु उद्योग भारती फार्मा विंग के अध्यक्ष संजय सिंगला ने बताया कि आग से उद्योग को करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान है। उन्होंने कहा कि समय रहते आसपास के उद्योगों से भी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।