हिमाचल में जल्द ही सिंगल सिगरेट बेचने पर रोक लग जाएगी। कानून बनाने के लिए प्रदेश सरकार विधानसभा के शीत सत्र में विधेयक लाएगी। सचिवालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को देखते हुए सरकार ने सिंगल सिगरेट की बिक्री पर रोक लगाने की तैयारी की है।
यदि खुली बिक्री पर प्रतिबंध लगता है तो युवाओं में बढ़ती नशे की इस प्रवृत्ति को कम किया जा सकेगा। कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि सिंगल सिगरेट में कोई वैधानिक चेतावनी भी नहीं होती है, जिसे कोटपा अधिनियम में जरूरी किया गया है। यह कानूनन गलत है। ऐसे में सरकार के पास कानून बनाने का एक मजबूत आधार है। यह मामला अगली कैबिनेट बैठक में जाएगा।