राजधानी में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिठाई विक्रेताओं पर खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग ने शिकंजा कस दिया है। बालूगंज में मिठाइयों में कॉकरोच मिलने के मामले में विभाग ने वीरवार को दो प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए। विभाग की इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य होटल और रेस्टोरेंट संचालकों में भी हड़कंप मच गया है। विभाग के अनुसार इन दुकानदारों को ऑनलाइन नोटिस जारी कर दिए हैं। अब यह दुकानदार किसी भी तरह का खाद्य पदार्थ नहीं बेच पाएंगे। नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए जाते हैं तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विभाग का कहना है कि रसगुल्ला और गुलाबजामुन समेत अन्य मिठाइयों में कॉकरोच पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है। विभाग ने इसे खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन माना है।
शहर में इन दिनों त्योहारों का सीजन चल रहा है। इस कारण मिठाई की दुकानों और रेस्टोरेंट में बड़ी संख्या में मिठाइयां तैयार की जा रही हैं। विभाग के अनुसार, कुछ संचालक अधिक मुनाफा कमाने के चक्कर में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रहे हैं। यही वजह है कि वीरवार को भी कार्रवाई जारी रही। खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग की सहायक आयुक्त डॉ. विजया और खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. सुनील शर्मा की अगुवाई में टीम ने वीरवार सुबह भी शहर के बस स्टैंड, छोटा शिमला और संजौली में आठ दुकानों का निरीक्षण किया। बस स्टैंड स्थित मिठाई की दुकान के निरीक्षण के दौरान गुलाबजामुन में मरी हुई मक्खियां पाई गईं। इस पर विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 10 किलो मिठाई मौके पर नष्ट करवाई। इसके अलावा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, निर्माण प्रक्रिया, रखरखाव और दुकानों में स्वच्छता की भी जांच की गई। हालांकि छोटा शिमला और संजौली में साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक पाई गई। टीम ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।