राजधानी के पुराने बस अड्डे से शहर के बाजारों में दाखिल होना आम जनता के लिए मुश्किल हो गया है। पैदल रास्ते से लेकर सड़कों तक दोनों ओर दुकानें लग रही हैं। इससे पैदल रास्ता संकरा हो गया है। रामबाजार में अतिक्रमण से हालात इतने ज्यादा खराब हैं कि लोग धक्का मुक्की कर आगे बढ़ने को मजबूर हैं। नगर निगम यहां अतिक्रमण पर कार्रवाई नहीं कर रहा। पेश है यह ग्राउंड रिपोर्ट :-
विज्ञापन
बस अड्डे के पुल पर भी तहबाजारियों का डेरा
पैदल रास्ते पर ओवर हैंगिंग से हो रही है परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के रामबाजार में सड़कों और रास्तों पर सज रही दुकानों से लोग परेशान हैं। पुराना बस अड्डा से राम बाजार के लिए पैदल आवाजाही मुश्किल हो गई है। बस अड्डे से रामबाजार में प्रवेश के लिए जो पैदल पुल बना है, उसी पर तहबाजारियों ने डेरा जमा रखा है।
पुल पर मंगलवार को भी पांच दुकानें लगी थीं। इसके साथ पुल से रामबाजार को जोड़ने वाले पैदल रास्ते पर भी दोनों ओर तहबाजारियों ने दुकानें लगा दी हैं। ओवरहैंगिंग इतनी ज्यादा है कि पैदल चल रहे लोगों को यहां बार-बार झुकना पड़ रहा है। अतिक्रमण के चलते करीब सात फीट चौड़ा रास्ता सिमट कर अब ढाई से तीन फीट ही बचा है। इसी संकरे रास्ते से हजारों लोग धक्का-मुक्की कर आगे बढ़ने को मजबूर हो रहे हैं। लोगों के अनुसार सुबह 9:00 बजे से पहले ही तहबाजारी रास्ते पर सामान सजा देते हैं। 9:30 बजे ज्यादातर नौकरी पेशा लोग और स्कूली बच्चे भी इस रास्ते से अपने गंतव्य की ओर जाते हैं लेकिन अतिक्रमण के चलते यह भी परेशान होते हैं। कई बार समय पर पहुंचने में देर भी हो रही है। दुकानदार भी अतिक्रमण करने में पीछे नहीं है। शाही चौक के पास कई दुकानदारों ने दुकान के बाहर सड़क पर सामान सजा दिया है।
विज्ञापन
यहां सड़क के एक ओर तहबाजारी बैठे हैं तो दूसरी ओर दुकानदारों का कब्जा हो गया है। शाही चौक से लेकर लोअर बाजार टनल तक भी अतिक्रमण हो रहा है। बाबाबालक नाथ मंदिर के पास कई तहबाजारियों ने सीढि़यों और रैलिंग पर ही दुकानें लगा रखी हैं।
बाजार पर मेहरबान नगर निगम
नगर निगम लोअर बाजार में तो अतिक्रमण पर कार्रवाई कर रहा है। रोज मॉकडि्रल भी की जा रही है लेकिन रामबाजार की सुध कोई नहीं ले रहा। दोपहर 1:00 बजे इस बाजार में सबसे ज्यादा भीड़ रहती है। इस समय स्थानीय लोगों के अलावा पर्यटक भी बाजार में सामान लेने के लिए पहुंचते हैं। यदि कोई व्यक्ति सामान लेने के लिए किसी दुकान के बाहर रुक जाए तो दूसरों के चलने तक के लिए जगह नहीं रहती। ऐसे में न तो लोग सामान खरीद पा रहे हैं और न ही बाजार में ठीक से आवाजाही हो रही है।
तहबाजारी बोले, दुकानें बनाए निगम
रामबाजार के कुछ तहबाजारियों ने कहा कि निगम को उनके लिए दुकानें बनानी चाहिए। सभी तहबाजारी अतिक्रमण नहीं करते, जिनके पास पहचान पत्र हैं, वह तय सीमा में ही सामान सजा रहे हैं। निगम उन पर कार्रवाई करे जो बिना पहचान पत्र बाजार में बैठे हैं। रामबाजार के बर्तन कारोबारी रमेश ने कहा कि उन्हें मजबूरन सामान बाहर रखना पड़ता है। निगम तहबाजारियों को जब सड़क पर सामान सजाने की छूट दे रहा है तो दुकानदार अपनी दुकान के बाहर सामान सजा सकते हैं।