हिमाचल के शालाघाट-शिमला मार्ग पर शालाघाट के पास ट्रक की चपेट में आने से कारोबारी की मौत हो गई। हादसा रविवार देर शाम का बताया जा रहा है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर दुर्घटना के कारणों जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार कारोबारी देर शाम शालाघाट से दुकान बंदकर घर जा रहा था। हार्डवेयर कारोबारी भागीरथ (74) निवासी संगलोल (कोलका) डाकघर दानोघाट तहसील अर्की को शिमला की तरफ से आ रहे ट्रक ने शालाघाट के पास टक्कर मार दी।
ट्रक की टक्कर से कारोबारी को गंभीर चोटें लगीं। लोगों की मदद से कारोबारी को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इसके बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। लेकिन बाद में पुलिस ने पकड़ लिया।
पुलिस ने कब्जे में लिया ट्रक
डीएसपी दाड़लाघाट नरवीर सिंह राठौर ने घटना स्थल का दौरा किया। बताया कि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। ट्रक चालक राम सिंह पुत्र बली राम निवासी मनेशी डाकघर बढ़लग तहसील कसौली को शनिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस मामले की तफतीश कर रही है।
यहां भी अज्ञात वाहन ने रौंदा राहगीर व्यक्ति
ऊना क्षेत्र के निकटवर्ती गांव घालूवाल में सड़क पर पैदल जा रहे एक व्यक्ति को किसी अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी। हादासे में सड़क पर पैदल जा रहे व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं। घायल को लोगों की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में पीड़ित का उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक थाना हरोली के तहत कशमीर सिंह निवासी सलोह जिला ऊना ने शिकायत दर्ज करवाई है कि रविवार शाम के समय वह अपने खेतों से वापस अपने घर सड़क किनारे पैदल जा रहे था।
जब वह घालूवाल के पास पहुंचे तो उसे किसी अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी, जिससे उन्हें चोटें आई हैं। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।