चंबा। जिला में अब हर रविवार जनरल स्टोर, कपड़े, जूते की दुकानें पूर्णत: बंद रहेंगी। प्रशासनिक आदेशों के बाद भी यदि कोई दुकानदार अधिक मुनाफा कमाने के चक्कर में दुकानें खोलता पाया जाता है तो उस पर श्रम विभाग कार्रवाई करेगा। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने निर्देश जारी किए हैं।
बताते चलें कि जिला में कोरोना के 800 से अधिक मामले नवंबर माह में ही सामने आ चुके हैं। इसके अलावा जिला में अब तक 1872 कोरोना के मामले आए हैं। हालांकि, वर्तमान समय में महज 255 लोग ही उपचाराधीन हैं। बावजूद इसके नवंबर माह में सर्दियों के साथ बढ़ने वाले कोरोना वायरस के मामलों ने प्रशासन के भी कान खड़े कर दिए हैं। ऐसे में प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार अब जिला प्रशासन ने भी कोरोना वायरस बारे जागरूक करने के लिए विशेष पग बढ़ाना शुरू कर दिया है। जिला प्रशासन द्वारा सभी विभागों को इस समय मुस्तैद होकर कार्य करने बारे निर्देशित किया है। इसी क्रम में अब रविवार को जनरल स्टोर, कपड़े-जूते की दुकानें बंद रहेंगी। दवाई, सब्जी, ढाबे, रेस्ट्रोरेंट, हेयर सैलून इत्यादि की दुकानें खुली रहेंगी। प्रशासन द्वारा लिए गए निर्णय का मुख्य मकसद लोगों को कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप से बचाना है। वहीं, दुकानों को पूर्णत: बंद करवाने का जिम्मा श्रम विभाग को सौंपा गया है।
उपायुक्त चंबा डीसी राणा ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार जिला चंबा में भी रविवार को जनरल स्टोर, कपड़े-जूते की दुकानों को बंद रखने संबंधी निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अलावा दवाई, सब्जी, ढाबे, रेस्टोरेंट, हेयर सैलून, वर्कशॉप इत्यादि खुली रहेंगी। खुली रहने वाली दुकानों में दुकानदारों को ही सामाजिक दूरी, मास्क, सैनिटाइजर इत्यादि का ध्यान रखना होगा। श्रम विभाग पूरी तरह से दुकानें बंद रखवाना सुनिश्चित करवाएगा। बताया कि इस बारे में लिखित निर्देश जारी कर दिए गए हैं। कोरोना महामारी के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा के लिए पग बढ़ाया है। जिसमें लोगों को भी संपूर्ण सहयोग देना चाहिए।