चंबा। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच चंबा में कुछ निजी बस चालक-परिचालक बेलगाम हो गए हैं। सरकार के निर्देशों को दरकिनार कर बसों फुल सवारियां ढोई जा रही हैं। साथ ही बसों को ओवरलोड भी किया जा रहा है। सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाने के लिए एहतियात बरतने के आदेश दिए हैं। सरकारी व गैर सरकारी बसों में पचास प्रतिशत सवारियां कर दी हैं। बावजूद इसके सरकार के निर्देशों की पालना चंबा में नहीं हो रही है। गौरतलब है कि चंबा में पिछले एक माह में कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इसके बाद प्रशासन ने शादी समारोह समेत अन्य कार्यक्रमों व बसों में क्षमता पचास फीसदी कर दी है लेकिन इन निर्देशों पर अमल नहीं हो रहा है। हैरानी की बात तो यह है कि इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों को नियमानुसार कार्रवाई के आदेश दिए हैं।