हमीरपुर के हरसौर गांव के अंतरराष्ट्रीय शूटर विजय कुमार के नाम पर भोपाल में शूटिंग रेंज खोली जाएगी। अक्तूबर 2018 में मध्य प्रदेश की तत्कालीन खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने भोपाल की शूटिंग रेंज का नामकरण करने की घोषणा की थी। उस समय विजय कुमार भी वहीं मौजूद थे। घोषणा के अनुसार शूटिंग रेंज का नाम विजय कुमार शूटिंग रेंज पड़ गया है।
विजय कुमार ने तीन अगस्त 2012 को लंदन ओलंपिक में पिस्टल शूटिंग में देश को पहला ओलंपिक मेडल (सिल्वर) दिलाया था। शूटर विजय कुमार सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद हिमाचल प्रदेश पुलिस में डीएसपी के पद पर तैनात हुए हैं। वर्ष 2012 में सूबे के इस खिलाड़ी ने देश को मेडल तो दिलाया, लेकिन खिलाड़ी के गृह प्रदेश में सात सालों बाद भी सरकारें शूटिंग रेंज नहीं खोल पाई है।
शूटर विजय कुमार का कहना है कि अक्तूबर 2018 में तत्कालीन खेल मंत्री मध्य प्रदेश ने उनके नाम पर शूटिंग रेंज का नामकरण करने की घोषणा की थी। उनके नाम पर शूटिंग रेंज का नाम रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों को वे प्रशिक्षण देने के लिए तैयार हैं। अगर यहां शूटिंग रेंज खुल जाए।