प्रतियोगिता में 62 विद्यालयों के 400 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने सम्मानित किए विजेता
विज्ञापन
बॉक्सिंग में रोहड़ू विजेता और जाखड़ी स्कूल रहा उपविजेता संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लालपानी में जिला स्तरीय इंडोर स्कूल खेलकूद प्रतियोगिता के शुक्रवार को हुए समापन में विजेताओं को सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में बैडमिंटन स्पर्धा में शिमला जोन और योग में ठियोग जोन ने चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में 10 खेलों में करीब 62 स्कूलों के 400 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। आयोजकों के अनुसार तीन दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अलग-अलग खेलों में शानदार प्रदर्शन किया। तीनों दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता में बैडमिंटन में शिमला जोन विजेता और चौपाल जोन उपविजेता रहा। इसके अलावा योग में ठियोग विजेता और शिमला जोन उपविजेता रहा। बॉक्सिंग में रोहड़ू विजेता और जाखड़ी स्कूल उपविजेता रहा। मूडो में बलग विजेता और धणाहट्टी उपविजेता रहा।
कराटे में रोहड़ू विजेता और लालपानी उपविजेता रहा। कुराश में देहा विजेता और धणाहट्टी उपविजेता रहा। टेबल टेनिस में रोहड़ू विजेता और सरस्वतीनगर उपविजेता रहा। जाइक्वांडो में रामपुर विजेता और सारीबासा उपविजेता रहा। कुश्ती में छोटा शिमला विजेता और बल्देयां उपविजेता रहा। भारोत्तोलन में बल्देयां विजेता रहा, जबकि रोहड़ू-नेरवा संयुक्त रूप से उपविजेता रहे। प्रतियोगिता के समापन पर स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया। वहीं उपनिदेशक उच्च शिक्षा लेखराज भारद्वाज ने बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लालपानी के प्रधानाचार्य एवं प्रबंध सचिव योगराज ठाकुर ने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।