लोग भड़के, बोले टनल के निर्माण से धंसी है सड़क, बंद किया बाजार
घटना का पता चलते ही स्थानीय लोग और दुकानदार मौके पर पहुंच गए। चमियाना पंचायत प्रतिनिधियों के अलावा नगर निगम पार्षद नरेंद्र ठाकुर भी मौके पर पहुंचे। फोरलेन कंपनी पर मनमाने तरीके से निर्माण का आरोप लगाते हुए सुबह के समय दुकानदारों ने बाजार भी बंद कर दिया। साथ ही चक्काजाम की चेतावनी दी। सड़क किनारे गड्ढे में फंसी बस को भी बाहर नहीं निकालने दिया। कहा कि प्रशासन और फोरलेन कंपनी मौके पर आकर उनसे बात करें। पार्षद नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि इस सड़क के ठीक नीचे फोरलेन टनल का निर्माण हो रहा है। इसके चलते सड़क धंसी है। कहा कि इस क्षेत्र में कई मकानों में भी दरारें पड़ गई हैं। लोगों के घर उजड़ने की कगार पर पहुंच गए हैं। फोरलेन कंपनी मनमाने तरीके से काम कर रही है, इसे रोका जाए।
भट्ठाकुफर में ढह चुका है पांच मंजिला भवन, कई में आई हैं दरारें
भट्ठाकुफर में 30 जून को पांच मंजिला भवन ढह गया था। यहां कई मकानों में दरारें भी आई हैं। लोगों का कहना है कि फोरलेन निर्माण के चलते यह सारा नुकसान हुआ है। एनएच से स्थानीय कालोनी को जोड़ने के लिए एक संपर्क सड़क बनी है। शनिवार सुबह एचआरटीसी की बस भी इसी संपर्क सड़क पर छात्रा के लिए रुकी थी। चमियाना पंचायत के उप प्रधान यशपाल वर्मा ने कहा कि एनएच को कालोनी से जोड़ने वाली इस सड़क के नीचे फोरलेन की टनल का निर्माण हो रहा है। इस क्षेत्र में सड़क धंसने की यह पहली घटना है। कहा कि स्थानीय लोगों ने फोरलेन के काम को लेकर आपत्ति जताई है जिसके बाद काम रोका गया है।
जिला प्रशासन ने टनल निर्माण पर लगाई रोक, बिठाई जांच
भट्ठाकुफर में सड़क धंसने की सूचना मिलते ही सुबह करीब 11:30 बजे उपायुक्त अनुपम कश्यप, एडीएम पंकज शर्मा, एसपी संजीव गांधी समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने कहा कि फोरलेन का काम रुकवाया जाए। इससे पूरा क्षेत्र तबाह हो जाएगा। उपायुक्त को इस क्षेत्र में कई मकान भी दिखाए जिनमें दरारें पड़ गई हैं। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने मौके पर ही मामले की जांच के निर्देश दिए। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कानून एवं व्यवस्था और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अब कैथलीघाट-शिमला फोरलेन पर बन रही टनल के कामों की जांच करेंगे। इसके कामों की रिपोर्ट तैयार करेंगे। जिला प्रशासन ने राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को भी पत्र लिख दिया है। इसमें इस घटना से आपदा होने का अंदेशा जताया गया है। फोरलेन निर्माण कार्य कर रही कंपनी को निर्देश दिए गए हैं कि आगामी आदेशों तक निर्माण कार्य पर पूर्ण रूप से रोक रहेगी। उपायुक्त ने कहा कि भारतीय सर्वेंक्षण विभाग को भी इस मामले के बारे में अवगत करवाया जाएगा। उन्हें भी पत्र लिखकर घटना के बारे में विस्तृत जानकारी देंगे। फोरलेन निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों की ओर से पहले भी कई शिकायतें प्रशासन को मिल चुकी हैं। सभी शिकायतों के बारे में राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को अवगत करवाया जाएगा। उपायुक्त से बातचीत के बाद दुकानदारों ने दुकानें तो खोल दीं लेकिन देर शाम तक यहां बैठकों का दौर जारी रहा।