भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से शनिवार को मालरोड पर पुलिस गुमटी के पास बजंतरियों की वाद्य यंत्र वादन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा मालरोड व रिज मैदान देव ध्वनियों से गूंज उठा।
अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव के अवसर पर भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से शनिवार को मालरोड पर पुलिस गुमटी के पास बजंतरियों की वाद्य यंत्र वादन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा मालरोड व रिज मैदान देव ध्वनियों से गूंज उठा। पारंपरिक वाद्य यंत्र ढोल-नगाड़े, शहनाई, रणसिंघा, करनाल आदि की मधुर ध्वनियों ने लोगों को मंत्रमुग्ध किया।
विज्ञापन
बजंतरियों ने पारंपरिक वेशभूषा में वाद्य यंत्र वादन प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। वाद्य यंत्र वादन को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व सैलानी मालरोड पर मौजूद रहे। प्रतियोगिता में शिमला और सिरमौर से पांच दल हिस्सा ले रहे हैं। इनमें शिव शक्ति लोक वादक पालू सिरमौर, सरस्वती कला मंच ठियोग, जय बिजट कला एवं संस्कृतिक मंच कुपवी, गुग्गा महराज वाद्य दल गताधार सिरमौर और वाद्य यंत्र दल धारचंदना कुपवी शामिल हैं।