रोहड़ू की टीम ने हासिल किया दूसरा स्थान
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया और मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन कार्यालय शिमला की ओर से बुधवार को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस राजकीय महाविद्यालय संजौली में जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई।
इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के शैक्षणिक संस्थानों से विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की टीम ने पहला स्थान हासिल किया जबकि रोहड़ू की टीम दूसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों से मतदाता सूची तैयार करने और उसके पुनरीक्षण, मतदाता पंजीकरण, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम), वीवीपैट, मतदान और मतगणना प्रक्रिया सहित निर्वाचन से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे गए थे। निबंध प्रतियोगिता के परिणाम बाद में घोषित किए जाएंगे। कार्यक्रम में उपनिदेशक उच्च शिक्षा के प्रतिनिधि दयानंद आजाद ने भी हिस्सा लिया। इस मौके पर राजकीय महाविद्यालय संजौली की ईएलसी नोडल अधिकारी एवं सहायक प्रोफेसर डॉ. पूनम चंदेल, नमिता सी खागटा, उपनिदेशक उच्च शिक्षा एवं जिला ईएलसी नोडल अधिकारी लेखराज भारद्वाज, कॉलेज प्राचार्य डॉ. कामायनी बिष्ट, डॉ. हर्षवर्धन खेमटा और डॉ. सत्यनारायण स्नेही मौजूद रहे। जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से नायब तहसीलदार राखी पुंडीर, देविंदर सिंह, हरनाम सिंह और अधीक्षक कांता ठाकुर ने कार्यक्रम में शिरकत की।