कई योजनाओं का करेंगे शिलान्यास और उद्घाटन
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह 26 से 28 अक्तूबर तक विधानसभा क्षेत्र शिमला ग्रामीण के दौरे पर होंगे। इस दौरान वह शिमला ग्रामीण की अलग-अलग जगहों पर करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के शिलान्यास और लोकापर्ण करेंगे।
विक्रमादित्य सिंह 26 अक्तूबर को वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कायना में साइंस लैब के लिए बनाए गए कमरों का लोकार्पण करेंगे। साढ़े ग्यारह बजे वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल पाहल में नेवटी खड्ड देवीधार की नाबार्ड के तहत बनने वाली सड़क और पाहल बाइनला-घाट कोटला सड़क का शिलान्यास करेंगे। वह हाई स्कूल बमोत के परीक्षा हाल का लोकार्पण भी करेंगे। पाहल में जनसभा को संबोधित करेंगे। 27 अक्तूबर को पंचायत चायली में संपर्क सड़क चायली खुर्द की शिलान्यास करने के बाद मंत्री आपके द्वार कार्यक्रम में लोगों की समस्याओं को सुनेंगे। 28 अक्तूबर को विक्रमादित्य सिंह अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ग्यारह बजे जलोग जाएंगे। यहां वह पंदोआ खंड से सराज की पंचायतों के लिए बनकर तैयार हुई पेयजल योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ वह खडारघाट से पलग सरकेरी सड़क और चेबड़ी से सरकरी सड़क का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा डमैहर-नहावी सड़क, कंडा से लुणू, डीजीबीआर की घरिहना और शरावग-खाल सड़कों का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा खडारघाट में बने आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का लोकार्पण करने के बाद वह जलोग में आम जनसभा को संबोधित करेंगे।