चौपाल और नेरवा के लिए बसों का आवाजाही पूरी तरह बंद, रामपुर को वाया सैंज होकर भेजी बसें
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो शिमला। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नारकंडा में वीरवार दोपहर के बाद बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। इस वजह से शिमला-रामपुर नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही अवरुद्ध हो गई है।
बर्फबारी को देखते हुए रामपुर और किन्नौर जाने वाली बसों और वाहनों को वाया सैंज होकर भेजा जा रहा है। इसी तरह चौपाल के खिड़की में बर्फबारी के कारण चौपाल, नेरवा क्षेत्र के लिए वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से अवरुद्ध हो गई है। इस वजह से एचआरटीसी की बसें और वाहन देहा से आगे नहीं जा रहे हैं। चौपाल क्षेत्र से शिमला के लिए भी बसें नहीं पहुंच पाई है। बर्फबारी के कारण मार्ग अवरुद्ध होने से शिमला से शिमला-चौपाल, शिमला-नेरवा नॉन स्टॉप बसें नहीं भेजी जा सकीं। वहीं हरिद्वार-शिमला बस चौपाल से शिमला नहीं आ सकी। शिमला-मुंडु बस कच्ची सड़क होने के कारण फिसलन को देखते हुए शिमला से ही नहीं भेजी है। इसके अलावा शिमला-घोड़ना मार्ग पर भी फिसलन के कारण बस की फंस गई। रातभर बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहा तो शुक्रवार सुबह अपर शिमला के लिए बसों की आवाजाही पूरी तरह से बंद हो सकती है। इसके अलावा पर्यटक स्थल कुफरी में दिनभर बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहा लेकिन देर शाम तक मार्ग पूरी तरह से बहाल रहा। बर्फबारी की संभावना को देखते हुए एचआरटीसी ने चालकों और परिचालकों को सावधानी से गाड़ी चलाने की हिदायत दी है। इसके अलावा चांशल में भारी बर्फबारी के कारण रोहड़ू-डोडरा क्वार मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है। इससे डोडरा-क्वार क्षेत्र का संपर्क जिले से पूरी तरह से कट गया है। मौसम का मिजाज देखते हुए इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही फिलहाल बहाल होती नहीं दिख रही है। इसके अलावा खड़ापत्थर में भी हल्की बर्फबारी की सूचना है। देर शाम तक शिमला-रोहड़ू मार्ग पर वाहनों की आवाजाही होती रही। आरएम तारादेवी पंकज ठाकुर ने बताया कि खिड़की में बर्फबारी के कारण चौपाल के लिए बसों की आवाजाही पूरी तरह से अवरुद्ध हो गई है।