जिले में ताजा बर्फबारी से 135 सड़कें अभी बंद, एनएच के कई हिस्सों में फिसलन के कारण फंस रहीं गाड़ियां
विज्ञापन
588 बिजली ट्रांसफार्मर अभी बंद, कई गांवों में अंधेरा
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जिले में ताजा बर्फबारी के कारण सड़कें बहाल करने के काम में दिक्कत आ रही है। शिमला से रामपुर और हाटकोटी हाईवे को बुधवार देर शाम यातायात के लिए बहाल करने का दावा किया गया है। हालांकि इन हाईवे पर कई स्थानों पर फिसलन है जिससे गाड़ियां फंस रही हैं। जिले में 135 सड़कें अभी भी बंद पड़ी हैं।
देर शाम तक यहां यातायात जाम लगता रहा। जिला प्रशासन के अनुसार मंगलवार रात हुई बर्फबारी के कारण कुछेक सड़कों पर फिसलन बढ़ी है। लोक निर्माण विभाग ने ज्यादातर मुख्य सड़कों को बहाल कर दिया है लेकिन फिसलन के कारण गाड़ियां बर्फ में फंस रही हैं। बुधवार दोपहर के समय कुफरी, फागू सड़क को भी यातायात के लिए बहाल किया गया। नारकंडा तक हल्के वाहनों की आवाजाही शुरू की गई है। चौपाल देहा सड़क से बर्फ हटाने का काम जारी है। इसके बहाल होने में एक दो दिन लग सकते हैं। इन इलाकों में एचआरटीसी की बस सेवाएं भी बाधित हुई हैं। जिला शिमला में बुधवार शाम 6:00 बजे तक 588 बिजली ट्रांसफार्मर भी बंद पड़े हैं। इसके चलते कई गांवों में ब्लैक आउट जारी है। बिजली बोर्ड की टीमें लगातार काम में डटी हैं।
शहर में भी हल्की बर्फबारी से फिसलन
शिमला शहर में भी बुधवार सुबह सड़कों और पैदल रास्तों पर फिसलन रही। ताजा बर्फबारी के कारण जाखू, लक्कड़ बाजार, बैनमोर क्षेत्र में सुबह वाहनों की आवाजाही बाधित रही। हालांकि दोपहर तक नगर निगम और लोक निर्माण विभाग ने बर्फ हटाकर आवाजाही बहाल की। महापौर सुरेंद्र चौहान ने आईजीएमसी और लक्कड़ बाजार में पैदल रास्तों से बर्फ हटवाई। रिचमाउंट के पास भी सड़कों और पैदल रास्तों से बर्फ हटाई गई है।