रक्षाबंधन के त्योहार को लेकर एक दिन पहले वीरवार को शहर के बाजारों में खूब रौनक देखने को मिली। राखियों और मिठाइयों की खरीदारी के लिए दिनभर दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही। लोअर बाजार, मिडिल बाजार और राम बाजार में महिलाओं और युवतियों की काफी चहल-पहल रही। त्योहार को लेकर कारोबारियों के चेहरे भी खिले नजर आए। करियाना दुकानदारों ने भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानों के बाहर राखियों के विशेष स्टॉल लगाए थे। इन स्टॉलों पर तरह-तरह की रंग-बिरंगी राखियां सजी रहीं। बाजार में रुद्राक्ष, चंदन, मोरपंख और भगवान की प्रतिमा वाली राखियों की सबसे अधिक मांग रही। बहनों ने भाइयों की पसंद को ध्यान में रखते हुए पारंपरिक से लेकर आकर्षक डिजाइन वाली राखियां खरीदीं। वहीं बच्चों के लिए भी बाजार में कार्टून और सुपरहीरो थीम वाली राखियों की भरमार रही।
दुकानदार आशीष ने बताया कि बाजार में 10 रुपये से लेकर 500 रुपये तक की राखियां उपलब्ध है। इन्होंने बताया कि कीमत और डिजाइन के हिसाब से ग्राहक अपनी पसंद की राखियां खरीद रहे हैं। कारोबारियों का कहना है कि बरसात के कारण पिछले कुछ समय से सैलानियों की आमद कम होने से कारोबार प्रभावित था। बाजारों में अपेक्षाकृत सन्नाटा पसरा हुआ था। रक्षाबंधन के त्योहार ने बाजार में एक बार फिर रौनक लौटा दी है। राखी और मिठाइयों की बढ़ी बिक्री से कारोबारियों को भी बेहतर कारोबार की उम्मीद जगी है।