शिकायत में आरोप लगाया गया है कि साल 1971 में शिमला के एक होटल में फिल्म स्टार जितेंद्र ने उनका यौन उत्पीड़न किया। उस समय महिला की उम्र 18 साल की थी और जितेंद्र 28 साल के थे। तब शिमला में फिल्म शूटिंग दिखाने के बहाने यौन उत्पीड़न किया था। महिला के मुताबिक, रवि कपूर (जितेंद्र) कार में उसके दिल्ली स्थित घर आया।
कार में ड्राइवर और दो अन्य फिल्म स्टार भी थे। उसे कहा कि शिमला में फिल्म की शूटिंग है, उसे देखने चलना है। वह भी जितेंद्र के साथ कार में बैठ गई और सभी दिल्ली से शिमला आ गए। महिला के मुताबिक, उस दौरान उसे यह नहीं बताया कि शिमला में किस फिल्म की शूटिंग हो रही है, जिसे देखने वे जा रहे हैं।
जब शिमला पहुंचे तो सीधे होटल चले गए। वह थक चुकी थी, इसलिए होटल के कमरे में सो गई। रात को जब वह सोई हुई थी तो जितेंद्र उसके कमरे में आए और उसका यौन उत्पीड़न किया। महिला का आरोप है कि जितेंद्र ने उस समय शराब पी रखी थी। इस दौरान उन्होंने जितेंद्र को धक्का देने की कोशिश भी की, लेकिन वह नहीं माने।
पीडि़त महिला का कहना है कि वह इतने साल अपने पिता की वजह से चुप रही। अब पिता के निधन के बाद उन्होंने शिकायत करने का फैसला किया।
शिकायत के आधार पर अब पुलिस छानबीन में जुट गई है, मामले की छानबीन एएसपी सिटी प्रवीर ठाकुर की निगरानी में हो रही है।