प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी(फाइल)
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्रीय व हिमाचल प्रदेश सरकार प्रायोजित स्कीमों स्वावलंबन, हिमकेयर, उज्ज्वला योजना और प्राकृतिक खेती के लाभार्थियों से वर्चुअल संवाद करेंगे। प्रदेश सरकार अगले महीने 8 अक्तूबर को यह कार्यक्रम करना चाहती है। अब प्रदेश सरकार की ओर से प्रधानमंत्री कार्यालय को तिथि फाइनल करने संबंधित पत्राचार किया गया है। कार्यक्रम को लेकर मुख्य सचिव राम सुभग सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक हो चुकी है। सोमवार को भी इस बारे में अधिकारियों से विचार विमर्श होना है। हिमाचल में इन योजनाओं से लाखों लोग लाभान्वित हुए हैं। उज्ज्वला योजना के तहत हिमाचल में गृहणियों को रसोई गैस वितरित की गई है। इसमें गरीब महिलाओं को सिलिंडर के साथ गैस चूल्हा भी दिया गया है। हिमाचल ऐसा राज्य है, जहां हर घर में रसोई गैस है।
ये भी पढ़ें:
मंडी: चलती कार पर गिरीं चट्टानें, बाल-बाल बचा चाल
इसके साथ ही हिमकेयर योजना के तहत लोगों का निशुल्क उपचार हो रहा है। लोग एक साल में पांच लाख रुपये तक इलाज करा सकते हैं। इसी तरह स्वावलंबन योजना के तहत लोगों को रोजगार सृजित करने के लिए सब्सिडी दी जा रही है। कोरोना वैक्सीन की पहली डोज में हिमाचल देश के पहले स्थान पर आने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 6 लोगों से संवाद किया था। गरीब जन कल्याण अन्न योजना में भी प्रधानमंत्री ने लोगों से संवाद करना था लेेकिन व्यस्तता के चलते केंद्रीय खाद्य आपूर्ति मंत्री ने हिमाचल आकर गरीब लोगों से संवाद किया। अब हिमाचल सरकार स्वावलंबन, हिमकेयर, उज्ज्वला योजना और प्राकृतिक खेती लाभार्थियों से संवाद करने को लेकर कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है।