छूट के दौरान नेरवा बाजार में उमड़ी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
सभी दुकानें खोलने और समय न बढ़ाने पर शिमला जिले के रोहड़ू के बाद अब नेरवा के कारोबारियों ने भी बाजार बुधवार 26 से 31 मई तक बंद रखने का फैसला लिया है। इससे पहले 21 मई से रोहड़ू का बाजार बंद है। दूसरी ओर सोलन शहर के व्यापारियों ने भी दो दिन दुकानें बंद रखने का फैसला लिया है। हालांकि अभी इसकी तारीख तय नहीं की है। सोलन के व्यापारी कैबिनेट बैठक में लिए फैसलों से नाखुश हैं। उनका मानना है कि बैठक में सरकार ने व्यापारियों के हित में कोई फैसला नहीं लिया। इस विरोध में उतरे व्यापारियों ने दो दिन सभी प्रकार की आवश्यक वस्तुओं, दवाइयों व हार्डवेयर की सभी दुकानें बंद रहेगी।
कैबिनेट बैठक से नाखुश सोलन के व्यापारियों ने दो दिन दुकानें बंद रखने का एलान किया है। दुकानें बंद करने को लेकर सोलन में हुई व्यापारियों की बैठक में यह निर्णय लिया गया है। हालांकि, दुकानें कब बंद की जाएंगी, यह निर्धारित नहीं किया है। बैठक के बाद सरकार के फैसले के विरोध में उतरे व्यापारियों ने दुकानों के बाहर काले झंडे भी लगाए। व्यापार मंडल के अध्यक्ष कुशल जेठी की अध्यक्षता में व्यापारियों की बैठक हुई। बैठक में कई व्यापारी एसोसिएशन भी जुड़ीं। इस दौरान सोमवार को हुई प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक में व्यापारियों के हितों में कोई फैसला न लेने का विरोध किया है। इस विरोध में उतरे व्यापारियों ने दो दिन सभी प्रकार की आवश्यक वस्तुओं, दवाइयों व हार्डवेयर की सभी दुकानें बंद रहेगी।
सभी दुकानें बंद रहेंगी : कुशल जेठी
व्यापार मंडल के प्रधान कुशल जेठी ने बताया कि सरकार द्वारा व्यापारियों के साथ अनदेखी की जा रही है। व्यापारी पिछले लॉकडाउन से मार झेल रहे हैं। हालांकि, कोरोना महामारी से निपटने के लिए व्यापारी सरकार का साथ दे रहे हैं लेकिन इस तरह व्यापारियों की अनदेखी करना गलत है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मंडी में व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल मिला था। उन्होंने आश्वासन दिया था कि व्यापारियों की इस मांग पर विचार किया जाएगा, परन्तु ऐसा नहीं हुआ। इसी को देखते हुए व्यापार मंडल की मंगलवार को हुई बैठक में दो दिनों के लिए बाजार बंद करने का निर्णय लिया गया है। उस दिन वे सभी दुकानें बंद रहेगी, जिसे सरकार ने कोरोना कर्फ्यू में खोलने की अनुमति दी हुई है।