फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla News: शिमला विंटर कार्निवल कल से, पहले दिन होगी महानाटी और सांस्कृतिक परेड

Sun, 24 Dec 2023 07:16 PM IST
अरविन्द ठाकुर अमर उजाला ब्यूरो, शिमला

सार

विंटर कार्निवल के लिए राजधानी शिमला को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। रिज पर एक बड़ा मंच भी तैयार किया गया है।
विज्ञापन
शिमला विंटर कार्निवल के लिए तैयार किया गया मंच। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी में क्रिसमस से न्यू ईयर तक मनाए जाने वाले विंटर कार्निवल का सोमवार से आगाज होने जा रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू दोपहर 2:30 बजे कार्निवल का शुभारंभ करेंगे। इस मौके पर ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह, शहरी विधायक हरीश जनारथा और नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान मौजूद रहेंगे। पहले दिन रिज मैदान पर होने वाली महानाटी मुख्य आकर्षण होगी। इसमें स्वयं सहायता समूहों की 500 से ज्यादा महिलाएं एकसाथ रिज पर नाटी डालेंगी।

विज्ञापन


इसके बाद सांस्कृतिक परेड होगी जिसमें विभिन्न जिलों के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। गेयटी थिएटर में भी शाम के समय कई सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए जाएंगे। रिज मैदान पर स्थानीय कारोबारियों के 35 स्टॉल भी लगाए जाएंगे। मंगलवार को दूसरे दिन वॉयस ऑफ शिमला समेत कई सांस्कृतिक कार्यक्रम करवाए जाने हैं। क्रिसमस से शुरू हो रहे विंटर कार्निवल के दौरान भारी संख्या में सैलानियों के शिमला पहुंचने की उम्मीद है। शहर के होटलों में इसके लिए बुकिंग भी चल रही है।

कार्निवल के लिए सज गया शिमला
विंटर कार्निवल के लिए राजधानी शिमला को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। रिज पर एक बड़ा मंच भी तैयार किया गया है। रविवार देर शाम तक रिज मैदान, मालरोड को सजाने का काम पूरा किया गया। रिज पर स्थित सभी पेड़ों को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है तो बाकी जगहों को रंग-बिरंगे कागजों से चमकाया गया है। जगह-जगह प्रवेश द्वार बनाए गए हैं जबकि फाइन आर्ट के छात्रों ने कई जगह चित्रकारी की है।
विज्ञापन


मालरोड पर सेल्फी प्वाइंट, चलेंगे फाउंटेन
मालरोड पर टाउनहॉल के सामने सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है। महापौर सुरेंद्र चौहान के अनुसार कार्निवल के दौरान रिज और स्कैंडल प्वाइंट के फाउंटेन भी चलाए जाएंगे।

विज्ञापन

क्रिसमस और वीकेंड पर चमका राजधानी का कारोबार

क्रिसमस के लिए तैयार किए खास तरह के केक। - फोटो : अमर उजाला
क्रिसमस और वीकेंड पर सैलानियों की आमद बढ़ने से राजधानी का कारोबार फिर चमकने लगा है। शहर के बाजारों में रविवार को भारी भीड़ रही। मालरोड, लक्कड़ बाजार से लेकर लोअर बाजार में देर शाम तक लोग और सैलानी खरीदारी करते रहे। शहर के कारोबारियों के अनुसार क्रिसमस और न्यू ईयर तक राजधानी में बंपर कारोबार होने की उम्मीद है। इस हफ्ते पर्यटन कारोबार से जुड़े कारोबारियों को सबसे ज्यादा फायदा होने वाला है।

पर्यटन कारोबारियों ने इसके लिए तैयारियां भी की हैं। बाजारों में क्रिसमस के लिए सजावटी सामान के साथ जश्न के लिए खास तरह के केक भी तैयार किए गए हैं। सर्दी के चलते गर्म कपड़ों की खरीदारी में भी तेजी आई है। शिमला व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष अजय सरना और सह सचिव तरुण राणा का कहना है कि पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होने से खरीदारी बढ़ी है। नये साल तक यदि बर्फबारी शिमला में हो जाए तो पर्यटन कारोबार में भारी उछाल आ सकता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें