कृषि प्रसार अधिकारी शीला शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी शिमला से सटी 32 पंचायतों के हजारों किसानों को कोरोना कर्फ्यू के दौरान भी सरकारी योजनाओं के तहत सस्ते बीज और कृषि उपकरण आसानी से मिल रहे हैं। कर्फ्यू के बीच बीज और कृषि उपकरणों का पता करने के लिए किसानों को बार-बार टुटू में बने कृषि सर्कल केंद्र के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए कृषि प्रसार अधिकारी शीला शर्मा ने हाइटेक व्यवस्था तैयार की है।
कई पंचायतों के व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर कृषि केंद्र में आने वाले बीज और उपकरणों की किसानों को घर बैठे जानकारी दी जा रही है। कई बार सामान न होने पर किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ता है। ऐसे किसानों का मोबाइल नंबर शीला रिकॉर्ड कर लेती हैं। सामान आने पर खुद संपर्क करती हैं। जो किसान ज्यादा पढ़े-लिखे नहीं हैं, उन्हें कृषि बीजों और दवाइयों के इस्तेमाल की पूरी जानकारी देती हैं।
रामपुर के बातल की रहने वाली शीला शर्मा साल 2016 से टुटू ब्लॉक की 32 पंचायतों के किसानों को खेतीबाड़ी का सामान मुहैया करवा रही हैं। कर्फ्यू के बीच पैदल चलकर शीला रोज सर्कल कार्यालय पहुंचती हैं। हर दिन सैकड़ों किसानों को सामान उपलब्ध करवाती हैं।
शीला का कहना है कि कोरोना संक्रमण के बीच लोगों को कार्यालय के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से गांवों में ही कृषि सामग्री मुहैया करवाई जा रही है। बीते साल 60 क्विंटल चेरी के बीज समेत मक्की और बाजरा किसानों तक पहुंचाया। इस बार भी किसान जमकर बीज ले रहे हैं।