होली के मौके पर सोमवार सुबह के समय लोकल रूटों पर कम संख्या में बसें चलेंगी। लंबी दूरी के रूटों पर बसों का संचालन सामान्य रहेगा। एचआरटीसी प्रबंधन ने क्षेत्रीय प्रबंधकों को होली के दिन दोपहर 12 बजे तक यात्रियों की उपलब्धता के अनुसार बसें चलाने के निर्देश दिए हैं। 12 बजे के बाद सभी रूटों पर निर्धारित शेड्यूल के हिसाब से ही बसें चलाई जाएंगी। निगम प्रबंधन ने होली पर शराब पीकर ड्यूटी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
निगम के निरीक्षण दस्ते पूरे दिन सक्रिय रहेंगे। प्रबंधन की ओर से डिपो को निर्देश दिए गए हैं कि होली पर बस अड्डों पर हुडदंग न मचने दें, कार्यालय परिसर, वर्कशॉप, बस अड्डे पर कोई भी कर्मी शराब के नशे में न हो, होली खेल रहे लोगों के साथ एचआरटीसी स्टाफ अनावश्यक न उलझे, सुबह के समय बसों का संचालन जरूरत के अनुसार यात्रियों की उपलब्धता पर करें, चालक-परिचालक शराब के नशे में ड्यूटी न करे।
ड्यूटी के दौरान नशा न करें चालक-परिचालक
एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर ने बताया कि क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि चालक-परिचालकों को ड्यूटी के दौरान नशा न करने को लेकर सख्त हिदायत दें। बसें खाली न चलें और यात्रियों को सुविधा का भी पूरा ख्याल रखा जाए।