बस में सफर कर रहा 21 वर्षीय युवक 27 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार
वहीं राजधानी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में स्पेशल सेल शिमला की टीम ने शोघी में नाकाबंदी के दौरान एक बस की तलाशी लेकर 21 वर्षीय युवक को 27 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संदीप (21) निवासी रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार स्पेशल सेल की टीम पुलिस चौकी शोघी के समीप नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान टीम ने चेकिंग के लिए एक बस को रोका। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में बस की तलाशी ली गई तो उसमें सवार संदीप के कब्जे से 27 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस थाना वेस्ट में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे चार दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर चिट्टे की सप्लाई के स्रोत और उसके पीछे जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जाएगा कि आरोपी नशे की खेप कहां से लेकर आया था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी।
चंडीगढ़ से चिट्टा लेकर शिमला लौट रहा व्यक्ति गिरफ्तार
वहीं चंडीगढ़ से चिट्टा लेकर शिमला लौट रहे एक व्यक्ति को संजौली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की गाड़ी से करीब छह ग्राम चिट्टा बरामद किया है। आरोपी की पहचान 39 वर्षीय अमित चौहान निवासी लोअर समिट्री, शिमला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर को संजौली पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अमित चौहान चंडीगढ़ से चिट्टा लेकर शिमला आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में उसकी गाड़ी को रोककर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली। इस दौरान गाड़ी से करीब छह ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन का पुलिस हिरासत रिमांड मिला है।