दस साल के लंबे इंतजार के बाद सोमवार को शिमला में जाखू रोप-वे का संचालन शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सुबह दस बजे रोप-वे के जोधा निवास स्थित लोअर टर्मिनल पर पहुंचेंगे और रोप-वे का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।
उद्घाटन से पहले जाखू मंदिर के पुजारी विशेष पूजा-अर्चना भी करेंगे। लोअर टर्मिनल के टॉप फ्लोर पर बनाए गए कंट्रोल रूम में मुख्यमंत्री बटन दबाकर केबिन को जाखू की ओर रवाना करेंगे। रोप-वे के जरिये अब महज छह मिनट में लोग जोधा निवास से जाखू मंदिर पहुंच सकेंगे।
प्रदेश सरकार की ओर से गठित एक्सपर्ट कमेटी जाखू रोप-वे को हरी झंडी दे चुकी है। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सरकार ने भी रोप-वे के संचालन की अधिसूचना जारी कर दी है। यह राजधानी शिमला का पहला रोप-वे है। 2007 में इसका शिलान्यास किया गया था।
दस साल के लंबे अंतराल के बाद रोप-वे बनकर तैयार हुआ है। स्विट्जरलैंड की तकनीक पर बनाए गए इस रोप-वे के निर्माण पर जेक्सन कंपनी ने करीब 30 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। रोप-वे के अपर और लोअर स्टेशन के बीच दो-दो केबिन चलाए जाएंगे।