चौपाल दौरे के दौरान लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने विकास कार्यों के निरीक्षण के समय संबंधित लोक निर्माण विभाग अधिकारी के मौजूद न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारी से फोन पर कारण पूछा और जवाब से संतुष्ट न होने पर स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। विभाग अब लिखित जवाब मांगेगा और आवश्यकता पड़ने पर विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है।
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रविवार को चौपाल विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की क्लास लगाई। दरअसल विक्रमादित्य ननहार में बिशू मेले के समापन समारोह में पहुंचे। इसके बाद मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बलग, कुठार और मलकोट क्षेत्र में लोगों की समस्याएं सुनीं। लोक निर्माण विभाग के कुछ अधिकारी मौके पर अनुपस्थित पाए जाने पर मंत्री भड़क गए।
विज्ञापन
उन्होंने एससी से फोन पर बात कर कहा.....आज मेरा चौपाल का दौरा है, आपको जानकारी नहीं है। यहां अधिशाषी अभियंता और सहायक अभियंता मौके पर नहीं हैं। मैं आपको निमंत्रण दूं। क्या है ये सब। अगर लोगों को प्रस्तुति देनी है तो कौन देगा। अगर एससी छुट्टी पर है तो दूसरे एससी की ड्यूटी लगानी चाहिए। यह मजाक नहीं है। आप हल्के में न लें। सचिव से कहकर एक्शन लिया जाएगा। मैं यह सहन नहीं कर सकता। अधिकारियों के मौके पर न होने पर मंत्री ने बड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारी की फोन पर जमकर क्लास लगाई। कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जनता की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को क्षेत्र में मौजूद रहकर अपनी जवाबदेही निभानी होगी। उन्होंने साफ किया इस तरह की लापरवाही को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।