संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। दिल्ली की आजादपुर मंडी में शिमला की चेरी छा गई है। दिल्ली मंडी में वीरवार को 600 ग्राम का पैनेट 1150 रुपये में बिका। बागवानों को फसल के अच्छे दाम मिलने से उनके चेहरों पर खुशी है।
शिमला जिले के कोटीधार के बागवान मदन गौपाल चौहान ने बताया कि फसल के अच्छे दाम मिले हैं। उन्होंने वीरवार को चेरी के दो अलग-अलग स्लॉट कोटीधार सोसायटी के तहत दिल्ली की आजादपुर मंडी के लिए भेजे थे। इसमें एक स्लॉट में 6 बॉक्स और एक में 5 बॉक्स थे। उन्होंने बताया कि इसमें 6 बॉक्स वाला स्लॉट 2300 रुपये प्रति बॉक्स बिका। चौहान ने बताया कि एक बॉक्स में 2 पैनेट होते हैं। ऐसे में प्रति पैनेट करीब 1150 रुपये में बिका। उन्होंने बताया कि एक पैनेट में करीब 600 ग्राम वजनी होता है। वहीं दूसरे स्लॉट में 5 बॉक्स भेजे थे। इसका प्रति बॉक्स 2100 रुपये में बिका है। उन्होंने कहा कि कोटीधार में बागवानों की सोसायटी गठित है। यहां से बागवान रोजाना फल मंडी के लिए भेजते हैं।
इनसेट
शिमला की ढली सब्जी मंडी के आढ़ती अंशुमन शर्मा ने बताया कि मंडी में औसत रोजाना करीब 200 बॉक्स चेरी के आ रहे हैं। वीरवार को चेरी 500 रुपये से लेकर 700 रुपये तक बिकी है। इसके अलावा मंडी में खुमानी और प्लम भी आ रहे हैं। वीरवार को प्लम 2 किलो का बॉक्स 350 और 4 किलो का बॉक्स 550 रुपये तक बिका है।