शिमला शहर के हजारों लोगों को जल्द ही बड़ी राहत मिल सकती है। लिफ्ट के समीप क्षतिग्रस्त कार्ट रोड का डंगा लगाने का कार्य पूरा हो चुका है। शनिवार से इस सड़क पर दोनों ओर से छोटी गाड़ियों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। जबकि क्रिसमस से पहले यानि सोमवार से लोनिवि और शिमला ट्रैफिक पुलिस ने बसों के लिए भी सड़क को दोनों ओर से खोलने का दावा किया है।
सड़क से ट्रैफिक नियमित रूप से बहाल हो जाने से दो हफ्तों से परेशानी झेल रही शहर की जनता को राहत मिलेगी और रोज पैदल सफर करने और ट्रैफिक जाम से भी निजात मिल जाएगी। लिफ्ट के पास डंगा गिरने के कारण पिछले 11 दिन से छोटा शिमला से बस अड्डे की ओर वन वे ट्रैफिक किया गया था। वहीं छोटी गाड़ियों के लिए ही हाईकोर्ट से होकर आवाजाही की छूट दी गई थी।
ओल्ड बस स्टैंड की ओर से बसें बंद किए जाने के कारण छोटा शिमला तक रोज आफिस आने जाने वाले लोगों को रोज पैदल सफर करना पड़ रहा है। लिफ्ट के पास कार्ट रोड के करीब 25 से 30 मीटर तक डंगा ढह जाने के बाद लोनिवि की देखरेख में पार्किंग ठेकेदार ने डंगे लगाने का कार्य किया। इस कार्य को शुक्रवार देर शाम तक लगभग पूरा कर लिया गया था। डीएसपी ट्रैफिक दिनेश शर्मा ने कहा कि शनिवार से दोनों ओर छोटी गाड़ियां शुरू कर दी जाएंगी।
कार्ट रोड पर जोखिम भरा सफर
लिफ्ट के पास डंगा निर्माण कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। शुक्रवार शाम सेे इसी सड़क से छोटे वाहनों को दोनों ओर से ट्रायल के तौर पर चलाने का क्रम भी शुरू हो गया था। जबकि शनिवार से इसे छोटी कारों के लिए दोनों ओर से खोला जाना है। डंगा ताजा होने पर ट्रैफिक बढ़ने पर इसके फिर धंसने की संभावना भी बढ़ सकती है, जिससे सफर में जोखिम हो सकता है।