पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान सांसद शांता कुमार ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर हमला बोलते हुए कहा कि वे जमानत पर चल रहे हैं और फिर से मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। उन्होंने कहा असल में प्रदेश सरकार ही जमानत पर चल रही है।
वीरभद्र यदि यह सोच रहे हैं कि वे सातवीं मर्तबा मुख्यमंत्री बन सकेंगे तो इसका जवाब जनता उन्हें बखूबी देगी। शांता कुमार सुलह विस के मनसिंबल में भाजपा की परिवर्तन रैली में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा, विधानसभा चुनाव में भाजपा जीत दर्ज करेगी और कांग्रेस सिर्फ यह देखेगी की आखिर कौन सी सीट उसके पास बची है। केंद्र की पूर्ववर्ती यूपीए सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आए दिन भ्रष्टाचारी का चेहरा और घोटाला सामने आते था।
लेकिन, अब केंद्र में बनी पीएम नरेंद्र मोदी की तीन साल की सरकार में एक भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लग सका है। उन्होंने कहा की भाजपा ने 1977 में परिवर्तन का बिगुल बजाया गया था। अब पूरे देश और प्रदेश में परिवर्तन का बिगुल बज चुका है।
पहले भाजपा को पूरे देश में समर्थन मिला था। उसके बाद प्रदेशों में भी मिला और अब हिमाचल की बारी है। उन्होंने कहा कि मैने अपना राजनीतिक जीवन सुलह से शुरू किया था और राष्ट्र संघ तक पहुंचने का मौका मिला। केंद्र में भाजपा की सरकार है और प्रदेश में भाजपा सत्तासीन होती है तो उसका प्रदेश को लाभ होगा।