सांसद शांता कुमार ने कहा कि अगर किसी के पास प्रदेश और देश के लिए कोई बेहतर योजना है तो वह पीएम नरेंद्र मोदी को बता सकता है। केंद्र सरकार की तीन साल की जनहित उपलब्धियों व योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के लिए देश भर के 90 शहरों में मोदी फेस्ट का आयोजन किया जा रहा है।
मेले का मुख्य उद्देश्य लोगों तक मोदी सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है। पालमपुर के शहीद विक्रम बतरा मैदान में लगे तीन दिवसीय मोदी फेस्ट के शुभारंभ के बाद लोगों को संबोधित करते हुए शांता ने कहा कि योजनाएं तो सरकारें शुरू कर देती हैं। लेकिन, इन योजनाओं की जानकारी आमजन तक नहीं पहुंच पाती।
लिहाजा, जनता को इन योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पाता है। कहा कि मेले में अलग-अलग योजनाओं की जानकारी के लिए स्टाल लगाए हैं। इसमें हर योजना की जानकारी लोगों को मिलेगी। इससे लोग आने वाले समय में इन योजनाओं का लाभ ले सकते है। फेस्ट में एक सुझाव पेटी की भी व्यवस्था की गई है।
किसी के पास कोई बेहतरीन योजना है, तो वह पोस्ट कार्ड में लिखकर इस पेटी के जरिये पीएम नरेंद्र मोदी तक पहुंचा सकता है। केंद्र सरकार की ओर से प्रदेश के लिए कई जनहित योजनाएं दी गई हैं। लेकिन, प्रदेश सरकार इन योजनाओं को धरालत पर नहीं उतार रही है। लेकिन, सत्ता परिवर्तन के बाद लोगों को हर योजना का सीधा लाभ पहुंचेगा।
इस मौके पर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष विपिन सिंह परमार, पूर्व विधायक प्रवीण कुमार, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय शर्मा, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता हिमांशु मिश्रा, महामंत्री मुल्ख राज प्रेमी, संजीव सोनी, अजय शर्मा, विजय भट्ट, संजय वालिया, अनराधा, सुषमा भट्ट और स्नेह शर्मा आदि मौजूद रहे।