हिमाचल के कांगड़ा जिले के पालमपुर स्थित पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार के होटल योमिनी की लिफ्ट में मंगलवार दोपहर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर फंस गए। उनके साथ शांता कुमार भी थे।जयराम और शांता के लिफ्ट में फंसते ही सुरक्षा कर्मचारियों से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों की सांसें फूल गईं। करीब सात मिनट बाद इमरजेंसी चाबी लगाकर लिफ्ट खोली तो मुख्यमंत्री जयराम, पूर्व सीएम शांता कुमार और अन्य लोगों को लिफ्ट से बाहर निकाला गया। लिफ्ट रुकने का कारण कुछ लोग क्षमता से अधिक भार तो कोई बिजली गुल होना बता रहे थे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंगलवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार से उपचुनाव पर चर्चा के लिए मुलाकात करने उनके निवास पालमपुर पहुंचे थे। बातचीत के बाद जब मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, शांता कुमार और स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार के साथ वापस शिमला जाने के लिए होटल की लिफ्ट से नीचे आने लगे तो लिफ्ट बीच में ही रुक गई। पता चलते ही होटल स्टाफ और सुरक्षा कर्मी हरकत में आए। इस पर इस लिफ्ट को इमरजेंसी चाबी लगाकर और खींचकर खोला गया।