गोबिंदसागर झील में भयंकर तूफान ने हलचल मचा दी। हादसे में दो मोटरबोट पलट गईं जबकि दो बाल-बाल बच गईं। हादसे में मोटरबोट पर सवार दो लोग डूब गए। तलाशी अभियान जारी है।
मंगलवार देर शाम आए भयंकर तूफान ने गोबिंदसागर झील में भी हलचल मचा दी। इससे दो मोटरबोट पलट गईं जबकि दो बाल-बाल बच गईं। हादसे में मोटरबोट पर सवार दो लोग डूब गए, जबकि दो अन्य तैरकर किनारे पहुंचे और अपनी जान बचाई।
डूबने वालों में एक बोट का मालिक और चालक जबकि दूसरा स्थानीय निवासी बताया जा रहा है। जो दो बोट पलटने से बाल-बाल बचे उसमें लगभग 50 सवारियां थीं। जिनमें अधिकतर बच्चे थे।
भार ज्यादा होने के चलते वे पलट नहीं पाईं। घटना की सूचना मिलते ही स्वारघाट थाना से पुलिस का दल और तहसीलदार मौके पर पहुंच गए हैं। झील में डूबे लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑप्रेशन छेड़ दिया गया है।
देर शाम को एक शव बरामद कर लिया है। तलाशी अभियान जारी था। दोनों बोट पानी में डूब गई हैं, प्रशासन उन्हें सुबह ही निकालेगा।
मंगलवार शाम लगभग पांच बजे बिलासपुर में तेज तूफान आया। इस दौरान बिलासपुर से ज्योरिपतन की ओर जा रहा एक मोटर बोट अचानक तूफान में डगमगा गया। झील के बीचों बीच यह डगमगाने लगा।