पूर्व उप-प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी ने रविवार को नालदेहरा की सैर की। उन्होंने गोल्फ कोर्स के साथ यहां की प्राकृतिक सुंदरता को निहारा। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की। उनके साथ पुत्री प्रतिभा आडवाणी भी मौजूद रहीं। लालकृष्ण आडवाणी शनिवार को ही बेटी प्रतिभा आडवाणी के साथ शिमला के सात दिन के प्रवास पर आए हैं।
वह मशोबरा में एक निजी होटल में ठहरे हैं। उनका यह निजी दौरा है। वह इतने लंबे शिमला प्रवास पर पहली बार आए हैं। रविवार को करीब 12 बजे आडवाणी नालदेहरा पहुंचे तो यहां सैलानियों में भी खूब हलचल रही। पर्यटक और स्थानीय लोग उनसे बातचीत करने को बेताब रहे। इस बीच आडवाणी ने लोगों से गपशप भी की।
उन्होंने शिमला के नैसर्गिक सौंदर्य की भी जमकर तारीफ की। दिल्ली की प्रचंड गर्मी के बीच फुर्सत के कुछ दिन शिमला में बिताने पहुंचे आडवाणी मशोबरा से भी आरपार की पहाड़ियों को निहारते नजर आ रहे हैं। होटल में भी सादा खानपान ही पसंद कर रहे हैं। माना जा रहा है कि आगामी दिनों में आडवाणी कुफरी की भी सैर कर सकते हैं।