रेलिंग को आकर्षक बनाने की योजना बना रहा नगर निगम
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। कार्टरोड समेत राजधानी की सड़कों के किनारे लगाई गई लोहे की रेलिंग अब और सुंदर दिखेगी। नगर निगम इन्हें आकर्षक बनाने और सेल्फी प्वाइंट के तौर पर विकसित करने के लिए नई योजना तैयार कर रहा है। नए साल में इस पर काम शुरू होगा।
नगर निगम के अनुसार शिमला शहर में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत मुख्य सड़कों और फुटपाथ के किनारे लोहे की रेलिंग लगाई गई है। शहर के मालरोड पर भी छोटा शिमला से लेकर चौड़ा मैदान तक लोहे की रेलिंग लगी है। अभी इन पर ज्यादा कारीगरी नहीं की गई है। इन पर आकर्षक तस्वीरें और डिजाइन बनाकर इन्हें आकर्षक बनाया जा सकता है। नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान के अनुसार कई विकसित शहरों में इन रेलिंग को सेल्फी प्वाइंट के तौर पर विकसित किया गया है। शिमला नगर निगम भी इस पर अब काम करेगा। इसके लिए बाकायदा एक्सपर्ट बुलाया जा रहा है। इससे पूरे शहर में लगी रेलिंग को लेकर योजना तैयार करवाई जाएगी। किन जगहों पर रेलिंग का सौंदर्यीकरण किया जा सकता है, इस पर फैसला लिया जाएगा। महापौर ने कहा कि शहर के झांसी पार्क समेत अन्य पार्काें को भी विकसित किया जा रहा है। इसके लिए एसजेवीएन से भी मदद ली जा रही है।