ठियोग उत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। नगर परिषद ठियोग कार्यालय में बैठक के दौरान रूपरेखा तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष हेमराज वर्मा ने की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस उत्सव में क्षेत्र के 15 स्कूलों के छात्र हिस्सा लेंगे। लोक गायक कुलदीप शर्मा, किशन वर्मा, प्रदीप शर्मा के अलावा करीब 40 कलाकार कार्यक्रम पेश करेंगे।
कार्यक्रम में आईपीएच मंत्री तथा विधायक विद्या स्टोक्स कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगी। इसके अलावा टाउन हाल में शतरंज प्रतियोगिता भी होगी। कबड्डी में विजेता टीम को सात और उपविजेता टीम को पांच हजार का पुरस्कार दिया जाएगा।
15 अगस्त को ठियोग उत्सव के रूप में मनाया जाता है। इस मौके पर सुबह एसडीएम ठियोग एमआर भारद्वाज के तिरंगे को लहराने के बाद कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि दस अगस्त को उत्सव में सजने वाले दुकानों के प्लॉट की खुली बोली होगी। इस उत्सव में विशेष तौर पर राष्ट्रपति अवार्ड से सम्मानित हो चुके सोलन के जिया लाल ठाकुर तथा ठियोग की स्थानीय वरिष्ठ गायिका बसंती देवी को नगर सम्मान से नवाजा जाएगा। नप उपाध्यक्ष विवेक थापर, पार्षद सतीश कुमार आदि मौजूद रहे।