बौद्ध धर्मगुरु दलाईलामा का सुरक्षा घेरा और मजबूत किया जा रहा है। बोधगया ब्लास्ट के बाद केंद्रीय एजेंसियों ने उनकी सुरक्षा का रिव्यू किया गया जिसमें कमी आंकी गई थी। निर्देश मिलने के बाद अब हिमाचल पुलिस ने दलाईलामा की सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी तेज कर दी है।
मैकलोडगंज में दलाईलामा निवास के पास एक हट और दो संतरी पोस्ट बनाई गई हैं। यहां जल्द ही 20 कांस्टेबल और 5 हेड कांस्टेबल की तैनाती होगी। इन जवानों का खर्च भी केंद्र सरकार ही वहन करेगी। हिमाचल पुलिस ने जवानों की तैनाती को केंद्र सरकार को पत्र लिखा है। रिव्यू में मेन गेट पर बैरियर लगाने के लिए भी कहा गया है।
रिव्यू हुई है दलाईलामा की सुरक्षा: डीएसपी
धर्मगुरु की सुरक्षा में तैनात डीएसपी देस राज चंदरोटिया ने बताया कि कुछ माह पहले दलाईलामा की सुरक्षा को रिव्यू किया गया था। इसमें सुरक्षा बढ़ाने का फैसला लिया गया है। धर्मगुरु के निवास स्थान के पास दो संतरी पोस्ट और हट बनाई है। जवानों की तैनाती जल्द होगी।
सुरक्षा के चार घेरों में होते हैं धर्मगुरु
धर्मगुरु दलाईलामा की सुरक्षा के लिए चार घेरे बनाए गए हैं। वर्तमान में धर्मगुरु की सुरक्षा में 44 जवान और अधिकारी 24 घंटे ड्यूटी पर होते हैं। अंदर के सबसे पहले घेरे में दलाईलामा की पर्सनल सिक्योरिटी होती है। उसके बाहर के तीन सुरक्षा घेरे हिमाचल पुलिस के होते हैं। इसका इंचार्ज डीएसपी स्तर का अधिकारी होता है।