राजकीय विजय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंडी में राज्य स्तरीय चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में भावी युवा वैज्ञानिक अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। नई तकनीक से दुनिया को बचाने के टिप्स दे रहे नन्हे वैज्ञानिकों के मॉडल देखकर हर कोई हैरान है। शनिवार को अन्य जिलों के अध्यापकों ने भी और बच्चों के मॉडल निहारे और उसमें अपनाई तकनीक के बारे में जानकारी हासिल की।
रविवार को क्विज प्रतियोगिताओं का फाइनल भी हुआ। जूनियर और सीनियर क्विज प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से आई टीमों में कड़ा मुकाबला हुआ। फाइनल मुकाबले के परिणाम सोमवार को समापन समारोह के दौरान घोषित किए जाएंगे।
साइंस कांग्रेस के तीसरे दिन, क्विज प्रतियोगिता, साइंटिफिक प्रोजेक्ट रिपोर्ट और यू ब्लॉक में प्रदर्शनी लगाई गई। रविवार शाम ग्रुप टू स्किट और प्ले का आयोजन किया गया। रंगारंग कार्यक्रम भी पेश किए गए।
इधर, जिला विज्ञान पर्यवेक्षक योद्ध सिंह ने बताया कि क्विज प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।
बिजली न होने पर निराश रहे नन्हें वैज्ञानिक
चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में शनिवार को दिन भर यू ब्लॉक में बिजली न होने से नन्हें वैज्ञानिक निराश रहे। विद्युत करंट से चलने वाले मॉडल न चलने से विभिन्न जिलों के छात्रों को दिक्कतों का सामन करना पड़ा।
बिजली न होने से प्रदर्शनी भी दिन भर खाली रही। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक आरके विद्यार्थी ने कहा कि इस संबंध में स्कूल मुखिया से पूछताछ की जाएगी।