सामरिक महत्व की अटल टनल रोहतांग का 3 अक्तूबर को उद्घाटन करने आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में पहली बार जनता से करीब पांच गुना ज्यादा सुरक्षा कर्मी तैनात होंगे। प्रदेश पुलिस, एसपीजी और बीआरओ की ओर से जो इंतजाम किए गए हैं, उसके अनुसार कुल एक हजार से ज्यादा सुरक्षा कर्मी सभी कार्यक्रम स्थलों पर तैनात रहेंगे। प्रधानमंत्री मोदी पहले सिस्सू में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद टनल के उद्घाटन के दौरान सोलंगनाला में जनसभा होगी। पीएम मोदी के दोनों कार्यक्रमों में 200-200 लोग शिरकत करेंगे, लेकिन हर कार्यक्रम स्थल पर ही हर दो व्यक्ति पर एक सुरक्षा कर्मी होगा। प्रधानमंत्री सिस्सू हैलीपैड से लेकर सभी कार्यक्रम स्थलों की सुरक्षा की जिम्मेदारी राजपत्रित अधिकारियों के जिम्मे होगी। प्रधानमंत्री की सुरक्षा एसपीजी संभाल रही है, ऐसे में वह भी पुलिस के सभी सुरक्षा प्रबंधों को क्रॉस चेक करेगी। सूत्रों के अनुसार लाहौल-स्पीति और कुल्लू जिला पुलिस के अलावा बटालियनों के जवान और कमांडो तैनात किए जा रहे हैं। इसके अलावा दो दर्जन से ज्यादा राजपत्रित पुलिस अधिकारी भी तैनात रहेंगे।