नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) हमीरपुर में सोमवार को सिक्योरिटी इंचार्ज एवं लीगल नोडल अधिकारी को पद से हटा दिया गया है। इन दोनों महत्वपूर्ण पदों पर एक ही व्यक्ति की नियुक्ति की गई थी। अब प्रदीप कुमार को सिक्योरिटी इंचार्ज जबकि विजय शंकर डोगरा को लीगल सेल का नोडल अफसर तैनात किया गया है। इससे पहले संस्थान में रजिस्ट्रार, दो अधिष्ठाता (डीन) और छह असिस्टेंट रजिस्ट्रार बदले जा चुके हैं। वहीं, भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़झाले की जांच के लिए मंगलवार को केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय की टीम हमीरपुर पहुंचेगी। एमएचआरडी की टीम निदेशक प्रो. विनोद यादव के कार्यकाल के बीच असिस्टेंट प्रोफेसर ग्रेड-दो, एसोसिएट प्रोफेसर और अधीक्षक के पदों पर हुई भर्तियाें और अनुबंधित पर तैनात अधिकारियों को दिए गए अनुचित वित्तीय लाभ समेत अन्य मामलों की जांच करेगी।