एसडीओ को हिरासत में लिया(सांकेतिक)
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा युवा मोर्चा के सह मीडिया प्रभारी सुनील शर्मा की मौत के मामले में हमीरपुर पुलिस ने जल शक्ति विभाग के एक एसडीओ को हिरासत में लिया है। पुलिस ने मंगलवार को अधिकारी को हिरासत में लेकर मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में उसका मेडिकल करवाया है। लेकिन, अभी तक सैंपल की रिपोर्ट नहीं आई है। यह अधिकारी पिछले दो दिन से पुलिस की पहुंच से दूर था। रविवार रात 12:15 बजे हमीरपुर बाईपास पर एक कार की टक्कर से भाजपा युवा मोर्चा के सह मीडिया प्रभारी सुनील शर्मा की मौत हुई थी। इस हादसे में सुनील शर्मा का साथी अनुराग सिंह भी गंभीर घायल हुआ, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हमीरपुर मेडिकल कॉलेज से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। जहां उसका उपचार चल रहा है। हमीरपुर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्जकर मामले की जांच शुरू की थी। सोमवार दोपहर को पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर एक कार को अपने कब्जे में लिया था। जांच में यह कार जल शक्ति विभाग के एसडीओ की निकली।
पुलिस एसडीओ के आवास पर पहुंची, लेकिन वह वहां पर नहीं पाया गया। इसके बाद पुलिस संबंधित कार को अपने कब्जे में लेकर पुलिस थाना हमीरपुर ले आई। इसके साथ ही कार मालिक को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस उसके ऊना स्थित कार्यालय में पहुंची, लेकिन वह वहां पर नहीं पाया गया। संबंधित अधिकारी को पकड़ने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद मंगलवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। हालांकि, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जिस कार से भाजपा नेता की मौत हुई है, उस कार को जल शक्ति विभाग का अधिकारी ही चला रहा था। उधर, हमीरपुर थाना के सह प्रभारी पराक्रम सिंह ने कहा कि पुलिस ने युवक की मौत के मामले में कार चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। मंगलवार को जल शक्ति विभाग के एसडीओ को उसे हिरासत में लिया गया है। हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में उसका मेडिकल करवाया गया है। आगामी पूछताछ चल रही है।