ऊना जिला के पनोह बस अड्डे के पास तेज रफ्तार ऑल्टो कार की चपेट में आने से स्कूटी सवार की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे स्थानीय लोगों की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया।
जहां से चिकित्सकों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। दुर्घटना के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरवार देर शाम अमित शर्मा स्कूटी से अंब की ओर जा रहा था कि ऊना की ओर से आई एक तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने लापरवाही से आगे चल रही एक स्कूटी को टक्कर मार दी।
इसमें स्कूटी सवार बुरी तरह से घायल हो गया। इस दौरान आल्टो चालक ने मौके से कार भगाया और पैदल चल रहे ट्रक क्लीनर पवन कुमार निवासी नालागढ़ को रौंद दिया। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को नाजुक हालत में क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान स्कूटी सवार अमित शर्मा को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य घायल पवन कुमार को नाजुक हाल में पीजीआई रेफर कर दिया है।
बताया जा रहा 28 वर्षीय मृतक अमित शर्मा ऊना में मनयारी की दुकान में काम करता था और रात को घर लौट रहा था। अमित की एक वर्ष पूर्व ही शादी हुई थी।
पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात आल्टो चालक के खिलाफ धारा 279, 337, 304ए एवं 201 के तहत केस दर्ज कर लिया है। जबकि मामले की जांच शुरू है।