मशोबरा ब्लॉक की अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता में 18 स्कूलों के 419 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दुर्गापुर में पिछले चार दिनों से चल रही मशोबरा ब्लॉक की अंडर-14 छात्र एवं छात्रा वर्ग की जोनल खेलकूद प्रतियोगिता रविवार को संपन्न हो गई। प्रतियोगिता में मशोबरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। मशोबरा स्कूल गर्ल्स और बॉयज दोनों वर्गों में ओवरऑल चैंपियन बना। चार दिवसीय इस आयोजन में मशोबरा खंड के अठारह विद्यालयों के कुल 419 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक स्पर्धाओं में भाग लिया।
आयोजकों के अनुसार वॉलीबाल के छात्र वर्ग में मशोबरा स्कूल ने ट्रॉफी जीती। वहीं, छात्रा वर्ग में पीरन स्कूल विजेता रहा। कबड्डी के छात्र वर्ग में जनेड़घाट और छात्रा वर्ग में बलदेयां ने पहला स्थान हासिल किया। खो-खो के छात्र एवं छात्रा दोनों वर्गों में पीरन स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी जीती। बैडमिंटन के छात्र एवं छात्रा दोनों वर्गों में बलदेयां स्कूल ने जीत हासिल की। योग में छात्र वर्ग में मशोबरा स्कूल प्रथम रहा, वहीं रिदमिक योग के छात्रा वर्ग में बलदेयां स्कूल ने पहला स्थान प्राप्त किया। शतरंज के छात्र वर्ग में मशोबरा और छात्रा वर्ग में एचडी जनेड़घाट प्रथम रहे। जूडो के छात्र वर्ग में बलदेयां तथा छात्रा वर्ग में मशोबरा स्कूल विजेता रहा। इसके अलावा भाषण प्रतियोगिता के छात्र वर्ग में पीरन और छात्रा वर्ग में बलदेयां ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एकल नाटक के छात्र वर्ग में मशोबरा और छात्रा वर्ग में बलदेयां प्रथम रहे। समूहगान के छात्र वर्ग में बलदेयां तथा छात्रा वर्ग में मशोबरा ने पहला स्थान हासिल किया। लोक नृत्य के छात्र वर्ग में बलदेयां और छात्रा वर्ग में मशोबरा स्कूल विजेता रहा। एकल गायन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मशोबरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में समाजसेवी अरुण चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। जिला परिषद सदस्य बलदेयां वार्ड ओम प्रकाश ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने विजेता और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य अश्वनी कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए किए गए प्रबंधों की जानकारी दी। इस अवसर पर पंचायत समिति मशोबरा के अध्यक्ष तारा चंद ठाकुर, बीडीसी सदस्य रीता, अरोमा वैली के अध्यक्ष मनविंद्र सिंह सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शारीरिक शिक्षक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद रहे।