सभी विद्यार्थी होली में जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने गए थे। रविवार को प्रतियोगिता का समापन हुआ, परंतु खराब मौसम के चलते वे अपने गंतव्य को नहीं निकल आए।तेज बारिश और रावी में आई बाढ़ से सड़क तबाह हो गई।
वहां मौजूद अध्यापकों ने मामले की जानकारी मुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक को दे दी है। उधर, जिलाधीश चंबा हरीकेश मीणा बच्चों की सुरक्षा को लेकर रविवार देर रात तक अध्यापकों व होली प्रशासन से संपर्क में रहे। उन्होंने कहा कि मौसम साफ होते ही बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया जाएगा।
शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने भरमौर उपमंडल की राजकीय पाठशाला होली में प्राथमिक पाठशालाओं की खेल प्रतियोगिता में भाग ले रहे 399 लड़कों, 417 लड़कियों और उनके साथ गए लगभग 400 कर्मचारियों को सुरक्षित निकालने के उपायुक्त चंबा को निर्देश जारी किए हैं।
ये विद्यार्थी और कर्मचारी सड़क मार्ग बंद होने के कारण होली में फंसे हैं। सुरेश भारद्वाज को खेल प्रतियोगिता में भाग ले रहे विद्यार्थी के अभिभावक ने दूरभाष पर सूचना दी थी कि होली क्षेत्र के लिए सड़क सुविधा अवरुद्ध होने के कारण प्रतियोगिता में भाग ले रहे विद्यार्थियों को कठिनाई आ रही है।
उन्होंने इसी के मद्देनजर उपायुक्त को ये निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने उपायुक्त को प्रतियोगिता में भाग ले रहे विद्यार्थियों और स्टाफ के ठहरने और भोजन इत्यादि के उचित प्रबंध करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने चंबा के शिक्षा उप निदेशक को निर्देश दिए हैं कि जब तब बच्चों और कर्मचारियों को सुरक्षित नहीं निकाला जाता, तब तक वे उनके साथ होली में रहें।