प्रदेश सरकार और हिमाचल विश्वविद्यालय की ओर से भले ही एससीए चुनाव को लेकर कोई साफ संकेत नहीं आ रहे हैं, मगर विश्वविद्यालय और कॉलेजों में रूटीन में एससीए चुनाव को लेकर तैयारियां चल रही हैं।
प्रदेश भर के कॉलेजों में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी होने के बाद छात्रों के आईकार्ड से लेकर क्लास वाइज वोटर लिस्ट आदि बनाने का काम चल रहा है। वहीं, प्रदेश विश्वविद्यालय में भी प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के बाद विभागों को अधिष्ठाता छात्र कल्याण के कार्यालय की ओर से आईकार्ड बनाने की प्रक्रिया समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन चुनाव करवाने न करवाने, इसे प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से करवाने को लेकर किसी भी तरह के ब्यान अब तक जारी नहीं हुए हैं। कॉलेजों ने अपने स्तर पर चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। राजधानी शिमला के कॉलेजों में छात्रों को आईकार्ड जारी करने के साथ ही क्लास के हिसाब से कंप्यूटर पर रिकॉर्ड चढ़ाने का काम भी लगभग पूरा कर दिया गया है।
उधर, प्रदेश विश्वविद्यालय डीएसडब्लू प्रो. एमएस चौहान का कहना है कि फिलहाल चुनाव को लेकर किसी तरह के कोई दिशा-निर्देश नहीं आए हैं। उन्होंने बताया कि आईकार्ड बनाने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को लेकर विभागों को निर्देश दिए गए हैं।
चुनाव होते है तो इसकी तैयारियां समय रहते कर ली जाएंगी। उधर, संजौली कॉलेज के प्राचार्य डा. जेएस नेगी का कहना है कि चुनाव रूटीन प्रक्रिया है। कॉलेज स्तर पर तैयारियां पूरी की जा रही हैं। यदि चुनाव नहीं भी होते हैं तो भी यह प्रक्रिया पूरी करनी ही होती है।