एनसीसी के प्रशिक्षण शिविर में छात्राओं ने दी प्रस्तुतियां
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजकीय कन्या विद्यालय पोर्टमोर ने एनसीसी वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में सर्वश्रेष्ठ संस्था का सम्मान पाया। कैडेट सायेशा कैपरेट को सर्वश्रेष्ठ कैडेट घोषित किया गया और कैडेट अर्पिता ने सर्वश्रेष्ठ कमांड का पुरस्कार प्राप्त किया। इसके अलावा विद्यालय ने स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में दूसरा और पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त किया। विद्यालय की छात्राओं ने एकल गीत, समूह नृत्य, एकल नृत्य, खो-खो, रस्साकशी, ड्रिल, फायरिंग और समूह चर्चा जैसी प्रतियोगिताओं में पहला स्थान हासिल किया।
यह एनसीसी का राज्य स्तरीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर सिरमौर जिले के बड्डू साहिब स्थित एटरनल यूनिवर्सिटी में आयोजित किया गया। शिविर वन एचपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी सोलन के तत्वावधान में हुआ। इसमें प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से लगभग 600 कैडेटों ने भाग लिया। शिविर में विद्यालय की एनसीसी अधिकारी एवं अंग्रेजी प्रवक्ता त्रृप्ता शर्मा के नेतृत्व में 41 छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी की। प्राचार्या राखी पंडित ने अध्यापकों और छात्राओं के साथ सभी कैडेटों का स्वागत किया।