दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि जनता की राय जानकर ही हिमाचल में मुख्यमंत्री का चेहरा जल्द तय किया जाएगा। आप को लेकर हिमाचल के लोगों में खूब जोश है। भाजपा के साथ कांग्रेस का सफाया पूरी तरह से होगा। पांच-पांच साल के लिए फ्रैंडली मैच चल रहा है।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री एवं आप के हिमाचल चुनाव प्रभारी सत्येंद्र जैन ने कहा कि आम आदमी पार्टी को बड़े चेहरों की जरूरत नहीं है। सिर्फ ईमानदारी से काम करने वाले लोग चाहिए। आप में शामिल होने वाले किसी भी व्यक्ति का टिकट तय नहीं है। टिकट तो पार्टी अपने तय मानकों के आधार पर आम आदमी को ही देगी। सही समय पर उचित फैसला होगा। वह सोमवार को मंडी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि जनता की राय जानकर ही हिमाचल में मुख्यमंत्री का चेहरा जल्द तय किया जाएगा। आप को लेकर हिमाचल के लोगों में खूब जोश है। भाजपा के साथ कांग्रेस का सफाया पूरी तरह से होगा। पांच-पांच साल के लिए फ्रैंडली मैच चल रहा है। दोनों दल प्रदेश में तीसरा विकल्प न होने का फायदा उठा रहे है। भाजपा पांच साल के कार्यकाल में बुरी तरह से पिछड़ी है।
विज्ञापन
उस तरह का विकास नहीं हो सका है। पर्यटन, शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में कोई काम नहीं किया। अगर आप की सरकार हिमाचल में बनती है तो देवभूमि को कल्याणकारी राज्य बनाया जाएगा। आप जनता का पैसा जनता पर खर्च करेगी। जहां तक भाजपा को हराने की बात है, हमें तरीका आता है। दिल्ली में भाजपा को दो बार हरा चुके हैं। अब तक हिमाचल में भाजपा व कांग्रेस के रूप में बी और सी ग्रेड था । लेकिन आप के आने से ए ग्रेड मिलेगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के 15 दिनों में तीन लाख सदस्य बने हैं। दावा किया है कि उनके संपर्क में भाजपा और कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता हैं, जिनमें कई पूर्व व वर्तमान मंत्री भी हैं। चंडीगढ़ में हिमाचल की हिस्सेदारी को लेकर जल्द स्थिति स्पष्ट करेंगे।