किन्नौर की उरनी ढांक में एनएच-5 के पास सतलुज में लगातार पानी बढ़ने से एक पुल को खतरा बना हुआ है।
- फोटो : अमर उजाला
किन्नौर की उरनी ढांक में एनएच-5 के पास सतलुज में लगातार पानी बढ़ने से एक पुल को खतरा बना हुआ है। तीसरे दिन सोमवार को भी सभी वाहनों को टापरी, चगांव वाया उरनी चौलिंग भेजा गया।
एनएच-5 उरनी ढांक बंद होने से लोगों को फिर से 20 किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है। उरनी में मुख्य मार्ग का 100 मीटर हिस्सा पानी में डूब गया है। एनएच प्राधिकरण ने झील के आसपास मलबा हटाने के लिए कार्य शुरू कर दिया है।
लेकिन बार-बार कंपनी की ओर से पानी छोड़ने से झील में पानी बढ़ रहा है। इस समस्या से निजात पाने के लिए एनएच प्राधिकरण की ओर से चौलिंग साइट पर बने पुल की ऊंचाई बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। जिससे पानी बढ़ने से पुल को कोई खतरा न हो।
एसडीओ एनएच प्राधिकरण आरके राजगौड़ ने बताया कि जल स्तर बढ़ने से सड़क क्षतिग्रस्त हुई थी। क्षतिग्रस्त सड़क को ठीक करने के लिए जेसीबी के साथ कर्मचारी लग हुए हैं। उन्होंने कहा कि पुल की ऊंचाई को बढ़ा दिया जाएगा। ताकि पुल को नुकसान न हो।