कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में जल्द जूनियर आफिस असिस्टेंट (जेओए), क्लर्क, फील्ड असिस्टेंट के 81 पदों को भरने की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। कुलपति प्रो. हरींद्र कुमार चौधरी ने कहा कि 32 वैज्ञानिकों की हाल ही में नियुक्ति की गई है और जल्द ही 84 अन्य पदों को भरने के लिए भी अंतिम प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में विश्वविद्यालय में वैज्ञानिकों के 56 और गैरशिक्षकों के 23 पदों को भरा गया है। पिछले 15 दिनों में 32 वैज्ञानिकों के पदों के साक्षात्कार लेकर उन्हें नियुक्त पत्र भी जारी कर दिए। विश्वविद्यालय में स्टार्ट अप के माध्यम से युवाओं को वैज्ञानिक खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
प्रगतिशील किसानों के सहयोग से बीज गांव अवधारणा को साथ जोड़ते हुए राज्य को बीज उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास आरंभ कर दिए गए हैं। प्रगतिशील किसानों को कृषि दूत चयनित कर उनके अनुभव से राज्य के दूरदराज क्षेत्रों के अन्य किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है। 51 कृषि दूतों से आग्रह किया गया कि वह अपने साथ लगते क्षेत्रों के किसानों से भी नई वैज्ञानिक तकनीकी साझा करें। इस मौके पर कुलसचिव संदीप सूद और संयुक्त निदेशक डॉ. हृदय पाल सिंह मौजूद रहे।
आईटीआई दाड़ी में सात को लगेगा रोजगार मेला
क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी धर्मशाला शम्मी शर्मा ने बताया कि एचआरवीएस इंडिया प्राईवेट लिमिटेड के सौजन्य से सुजुकी मोटर लिमिटेड अहमदाबाद ने पुरुष के लिए प्रोडक्शन ब्रांच में 100 पद अधिसूचित किए हैं। सात जनवरी को आईटीआई दाड़ी में कैंपस इंटरव्यू होंगे। उन्होंने कहा कि कंपनी फिटर, डीजल मेकेनिक, मोटर मेकेनिक, टर्नर, मशीनिस्ट, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, टूल और डाई मेकर, प्लास्टिक प्रोसेसिंग ऑपेटर, सीओई (ऑटोमोबाइल), ट्रैक्टर मेकेनिक और पेंटर के पद भरेगी। उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं कक्षा 50 प्रतिशत और आईटीआई 60 प्रतिशत अंकों के साथ पास होना अनिवार्य है। जिन आवेदकों ने वर्ष 2015 से 2020 में आईटीआई पास की हुई है और जिनकी आयु सीमा 18 से 23 वर्ष है, वही इन पदों के लिए मान्य होंगे। त्योहार बोनस, उपस्थिति भत्ता, ईपीएफ खाना खाने के लिए कैंटीन और रहने के लिए हॉस्टल सुविधा भी प्रदान की जाएगी।