देवभूमि संघर्ष समिति सरकार-प्रशासन की सद्बुद्धि के लिए नवरात्र में करेगी हवन यज्ञ, फिर होगा आंदोलन
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। संजौली मस्जिद में अवैध निर्माण गिराने के आदेश लागू न होने पर देवभूमि संघर्ष समिति ने आंदोलन की चेतावनी दे दी है। समिति का कहना है कि यदि जल्द मस्जिद का अवैध निर्माण न गिराया गया तो संजौली में फिर से आंदोलन किया जाएगा।
रविवार को प्रेसवार्ता में समिति के संयोजक भरतभूषण ने कहा कि 15 मार्च तक मस्जिद की अवैध मंजिलें गिराने के आदेश दिए गए थे, लेकिन अभी तक इसका काम पूरा नहीं हुआ है। प्रदेश हाईकोर्ट ने भी नगर निगम को आठ हफ्ते के भीतर इस मामले की सुनवाई के आदेश दिए थे। लेकिन निगम प्रशासन ने इस पर अमल नहीं किया। 15 मार्च को इस मामले पर आयुक्त कोर्ट में सुनवाई होनी थी, लेकिन इस बार यह सुनवाई भी नहीं हुई। कहा कि हिंदू समाज के साथ षड्यंत्र किया जा रहा है। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि समय रहते मस्जिद में सारा अवैध निर्माण नहीं गिराया गया तो समिति पहले नवरात्र को सरकार की सद्बुद्धि के लिए हवन यज्ञ करेगी। इसके बाद संजौली चलो नारे के साथ आंदोलन शुरू किया जाएगा। समिति ने बाहरी राज्यों और बांग्लादेश से हिमाचल आ रहे प्रवासियों का आंकड़ा न देने पर भी सवाल उठाए। कहा कि अभी तक इस मामले पर भी कार्रवाई नहीं की गई है। इसका भी अब जवाब लिया जाएगा।