पाइप बिछाने के काम के चलते संजौली-समिट्री क्षेत्र में बदलेगी यातायात व्यवस्था, जिला प्रशासन ने जारी किए निर्देश
विज्ञापन
दिन के समय नहीं होगी वाहनों की आवाजाही
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के संजौली-ढली क्षेत्र में पेयजल लाइन के काम के चलते यातायात व्यवस्था फिर बदलने वाली है। ढली टनल (वेस्ट पोर्टल) से समिट्री रोड तक सोमवार से वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। यह व्यवस्था 29 दिसंबर तक चलेगी।
जिला प्रशासन ने इस बारे में निर्देश जारी कर दिए हैं। दिन के समय इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही बंद रहने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है। शहरवासियों को 24 घंटे पानी की सुविधा देने की योजना के तहत इस क्षेत्र में नई पेयजल लाइनें बिछाई जा रही हैं। इसके लिए मशीनों से सड़क की खोदाई की जाएगी। इसमें बड़े आकार की पेयजल लाइनें बिछाई जाएंगी। इस काम के चलते सुबह 11:00 से शाम 4:00 बजे और देर शाम 6:30 से रात 7:30 बजे तक यातायात बंद रहेगा। अभी ढली टनल से भट्ठाकुफर सड़क को इस काम के चलते बंद किया है। रविवार शाम तक इस काम को पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इस सड़क पर भी बीते 15 दिन से वाहनों की आवाजाही बंद थी। जिला प्रशासन के अनुसार शिमला जल प्रबंधन निगम की ओर से पाइपलाइन बिछाने के कार्य को लेकर सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बंद करने की मांग की थी जिस पर यह निर्देश जारी किए हैं।
इसके बाद बंद होगी ढींगूमाता मंदिर सड़क
अगले चरण में ढली टनल (सब्जी मंडी के पास) से ढींगूमाता मंदिर मार्ग पर पेयजल लाइनें बिछाई जानी है। यह काम 29 दिसंबर से शुरू होगा। यह 16 जनवरी 2026 तक चलेगा। इसके चलते यह सड़क भी इस अवधि के दौरान वाहनों की आवाजाही के लिए बंद की जाएगी। हालांकि
लोगों के लिए राहत यह है कि इस दौरान स्कूल बंद हो जाएंगे। सिर्फ नौकरीपेशा और बाकी लोगों को पैदल आवाजाही करनी पड़ सकती है।